• Subscribe Us

logo
26 अप्रैल 2024
26 अप्रैल 2024

विज्ञापन
मीडिया दस्तक में आप का स्वागत है।
Uttar pradesh

भोजपुरिया समाज को बड़ा तोहफा, गोरखपुर दूरदर्शी 1 घंटे का विशेष प्रसारण

Posted on: Sat, 04, Dec 2021 9:12 AM (IST)
भोजपुरिया समाज को बड़ा तोहफा, गोरखपुर दूरदर्शी 1 घंटे का विशेष प्रसारण

गोरखपुरः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार शाम गोरखपुर दूरदर्शन के अर्थ स्टेशन (भू-उपग्रह केंद्र) का लोकार्पण किया। इसके साथ 10-10 किलोवॉट के एफएम रिले केंद्र इटावा, गदानिया लखीमपुर खीरी और नानपारा बहराइच का भी वर्चुअल शुभारंभ किया गया। लोकार्पण समारोह में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने घोषणा की कि 11 दिसंबर से इस अर्थ स्टेशन के जरिए प्रतिदिन 1 घण्टे के भोजपुरी कार्यक्रमों का प्रसारण शुरू किया जाएगा। अगले 8 माह में 10 किलोवॉट के सुल्तानपुर, रामपुर व महराजगंज में एफएम ट्रांसमीटर की स्थापना का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अगले दो साल में प्रदेश के सभी क्षेत्रों में एफएम की सुविधा उपलब्ध होगी।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि शुक्रवार को लोकार्पित हो रहे चारों प्रोजेक्ट पर 25 करोड़ रुपये का खर्च आया है। इटावा, लखीमपुर व बहराइच में लगे 10-10 किलोवाट के एफएम ट्रांसमीटर से डेढ़ करोड़ से अधिक की आबादी लाभान्वित होगी। अर्थ स्टेशन गोरखपुर से लखनऊ व दिल्ली के केंद्र सीधे जुड़ जाएंगे जबकि पहले यहां कार्यक्रम रिकार्ड कर लखनऊ भेजना पड़ता था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम से आकाशवाणी का खोया गौरव वापस दिलाया है। इसमें सुदूर गांवों की भी प्रेरणादायी गाथाएं सुनाई देती हैं। यह इस बात का द्योतक है कि कंटेंट अच्छा है तो उसे दुनिया देखने-सुनने को तैयार है। उन्होंने भोजपुरी के कलाकारों से कहा कि अच्छा कंटेंट बनाएं।

बड़ी आबादी वाले राज्य को बचाया

ठाकुर ने कहा कि दूरदर्शन की तरफ से प्रतिवर्ष राजेन्द्र प्रसाद मेमोरियल लेक्चर का प्रसारण होता है, इस बार का व्याख्यान योगी आदित्यनाथ का होगा। केंद्रीय मंत्री ने कोविडकाल में दो वैक्सीन उपलब्ध कराने और देश की 80 करोड़ जनता को मुफ्त राशन देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। ठाकुर ने कहा कि जब जनता अपना नेतृत्व अच्छा चुनती है तो उसे विकास की चिंता नहीं होती है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार में इज आफ डूइंग बिजनेस में उत्तर प्रदेश दसवें स्थान पर था आज देश की दूसरी अर्थव्यवस्था है।

चार दशक पुरानी मांग

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर दूरदर्शन को अर्थ स्टेशन की सौगात देने पर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री का आभार जताया। कहा कि उन्होंने पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोगों की चार दशक पुरानी मांग पूरी कर दी है। इसका लाभ उत्तर प्रदेश के अलावा बिहार और नेपाल तक के लोगों को मिलेगा। साथ ही सीमाई क्षेत्र में होने वाले भारत विरोधी दुष्प्रचार को रोकने में भी यह केंद्र बड़ी भूमिका का निर्वहन करेगा। सीएम योगी ने बहराइच, इटावा और लखीमपुर में एफएम रिले केंद्र की सुविधा देने पर भी केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को धन्यवाद दिया।

जिन्नावादी सोच नहीं चाहिए-रवि किशन

सांसद रवि किशन शुक्ला ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भोजपुरी भाषा के कलाकारों की बड़ी मांग पूर्ण हो गई है। इससे गोरखपुर के प्रतिभावान कलाकारों को भोजपुरिया संस्कृति एवं कला के प्रदर्शन के साथ रोजगार भी मिलेगा। उन्होंने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर हमला बोला कहा कि जब चुनाव लड़ने आए तो नचनिया-गवनिया कह कर हम कलाकारों को अपमान किया, लेकिन जिन्नावादी सोच के लोग गोरखपुर और उत्तर प्रदेश को हर क्षेत्र में पिछड़ा बना कर रखना चाहते थे। लेकिन केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में देश और प्रदेश निरंतर बिकास की सीढ़ियां चढ़ रहा है। उन्होंने सोच इमानदार काम दमदार का नारा लगाया।

समारोह में ये रहे मौजूद

समारोह को महानिदेशक दूरदर्शन मयंक अग्रवाल, महानिदेशक आकाशवाणी एन वेणुधर रेड्डी ने भी संबोधित किया। इस दौरान इस अवसर पर सदर सांसद रवि किशन शुक्ला,जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह,महापौर सीताराम जायसवाल, विधायक डॉ राधामोहन दास अग्रवाल,डॉ विमलेश पासवान,फतेह बहादुर सिंह,महेंद्रपाल सिंह,बिपिन सिंह,शीतल पांडेय,संत प्रसाद,सगीता यादव, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र सिंह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विश्वजीत सिंह आशु, जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, जिलाधिकारी विजय किरन आनंद, एसएसपी डॉ विपिन ताड़ा, जिला सूचना अधिकारी प्रशांत श्रीवास्तव,दूरदर्शन अपर महानिदेशक एमएस अंसारी, उप महानिदेशक उत्तरी क्षेत्र आदित्य चतुर्वेदी, गोरखपुर केंद्र के कार्यक्रम प्रमुख ब्रजेन्द्र नारायण मौजूद रहे।




ब्रेकिंग न्यूज
मीडिया दस्तक में आप का स्वागत है।