घर में घुसकर दबंगों ने मारी गोली, मुकदमे में सुलह का था दबाव
बस्तीः परशुरामपुर थाना क्षेत्र के बबुऔना गांव में बुधवार देरशाम कुछ बदमाशों ने अशोक यादव (40) पुत्र मोतीलाल को घर में घुसकर गोली मार दी। गोली बाएं कंधे में लगी है। उन्हें सीएचसी परशुरामपुर में भर्ती कराया गया, प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
घायल अशोक यादव ने बताया कि देरशाम बाइक से आये तीन लोग उसके घर में घुस गये और उन पर फायर झोंक कर भाग निकले। चीख पुकार सुनकर घर के लोग दौड़े, मगर तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। पुलिस को दिए बयान में घायल अशोक ने बताया है कि गांव के कुछ दबंगों से उनका मुकदमा चल रहा है। बार बार मुकदमे में सुलह करने का दबाव बनाते थे। ऐसा न करने पर वे उन्हें जान से मारने की धमकी देते रहें हैं। आपको बता दें परसरामपुर थाना क्षेत्र आपराधिक गतिविधियों को लेकर बेहद संवेदनशील होता जा रहा है।