राजनाथ के पास चार करोड़ 62 लाख की संपत्ति
लखनऊः भारत के गृहमंत्री और लखनऊ संसदीय क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी राजनाथ सिंह के पास कुल 4 करोड़ 62 लाख की सम्पत्ति है। पिछले पांच साल में उनकी आय में लगभग दो करोड़ रूपये का इजाफा हुआ है। इसका खुलासा उन्होने निर्वाचन आयोग में अपने नामांकन के समय दाखिल किये गये शपथपत्र में किया।
राजनाथ सिंह के पास 2,97,30580 रूपए की अचल सम्पत्ति तथा 1,64,58,260 रूपये की चल सम्पत्ति है। उनकी पत्नी के पास 5303869 की चल सम्पत्ति है। इसमें बैंक, नकदी और एफडी शामिल है। राजनाथ सिंह के पास 68 हजार रुपये की नकदी है जबकि उनकी पत्नी के पास 37 हजार रुपये की नकदी है। गत चुनाव के दौरान उनके पास एक करोड़ दो लाख रुपये की चल संपत्ति थी। इसमें राजनाथ के नाम 61.71 लाख और पत्नी के नाम पर 40 लाख रुपये की चल सम्पत्ति थी। गत चुनाव के दौरान उनकी कुल अचल संपत्ति करीब 1 करोड़ 90 लाख की थी। आयोग में दाखिल शपथ पत्र के अनुसार राजनाथ सिंह के पास 1.90 लाख कीमत का 60 ग्राम सोना है तथा तीन लाख रूपए मूल्य के रत्न हैं।
जबकि उनकी पत्नी सावित्री सिंह के पास 750 ग्राम सोने के जेवर हैं जिनकी कीमत 25 लाख रूपए हैं। इसके अलावा उनके पास 5.60 लाख रूपए मूल्य की चांदी है। राजनाथ सिंह की अचल संपत्ति में 1.47 करोड़ रूपए की कृषि भूमि है। जो पैतृक है और चंदौली में है। इसके अलावा लखनऊ के गोमतीनगर के विपुल खण्ड में एक मकान है जिसकी मार्केट वैल्यू 1.50 करोड़ है। शपथ पत्र के अनुसार राजनाथ सिंह की आय मुख्य रूप से मंत्री व सांसद के रूप में वेतन, कृषि आय, एलाउन्स और पेंशन से है। राजनाथ सिंह ने शपथ पत्र में बताया है कि उनके खिलाफ कोई अपराधिक मामला नहीं है। राजनाथ लखनऊ से दूसरी बार किस्मत आजमा रहे है। श्री सिंह सोशल मीडिया पर भी सक्रिय है। वो फेसबुक, इस्टाग्राम, ट्विटर और यूटयूब पर हैं। उनकी अपनी वेबसाइट भी है।