• Subscribe Us

logo
26 अप्रैल 2024
26 अप्रैल 2024

विज्ञापन
मीडिया दस्तक में आप का स्वागत है।
साक्षात्कार शख्सियत / व्यक्तित्व / लेख

कोरोना संकट के दौरान विदेशी मीडिया ने भारत की छबि खराब की

Posted on: Tue, 06, Jul 2021 6:45 PM (IST)
कोरोना संकट के दौरान विदेशी मीडिया ने भारत की छबि खराब की

नई दिल्ली, 6 जुलाई। ’’भारत में कोरोना त्रासदी की विदेशी मीडिया द्वारा की गई कवरेज में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का अभाव रहा है। विदेशी मीडिया ने अपने देश की कोरोना कवरेज में संयम बरता था, लेकिन भारत में हो रही मौतों को उसने सनसनी के तौर पर प्रस्तुत किया।’’ यह विचार देश के प्रख्यात पत्रकारों एवं विद्वानों ने भारतीय जन संचार संस्थान (आईआई एमसी) द्वारा मंगलवार को ’’पश्चिमी मीडिया द्वारा भारत में कोविड-19 महामारी की कवरेज’’ विषय पर आयोजित विमर्श में व्यक्त किए।

इस मौके पर आईआईएमसी के महानिदेशक प्रो. संजय द्विवेदी विशेष तौर पर उपस्थित थे। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में पद्मश्री से अलंकृत वरिष्ठ पत्रकार आलोक मेहता, उमेश उपाध्याय, एशियन न्यूज इंटरनेशनल (एएनआई) की संपादक सुश्री स्मिता प्रकाश, एन.के. सिंह, संपादक आनंद नरसिम्हन, के.ए. बद्रीनाथ और पटकथा लेखक सुश्री अद्वैता काला ने अपने विचार व्यक्त किये। दूसरे सत्र में पद्मश्री से अलंकृत वरिष्ठ पत्रकार जवाहरलाल कौल, जयदीप कर्णिक, रविशंकर रवि, लेखिका सुश्री शेफाली वैद्य, लईक रिजवी, तहसीन मुनव्वर, वरिष्ठ पत्रकार विवेक अग्रवाल एवं आईआईएमसी के डीन (अकादमिक) प्रो. गोविंद सिंह ने भाग लिया।

प्रथम सत्र की अध्यक्षता करते हुए पद्मश्री से अलंकृत वरिष्ठ पत्रकार आलोक मेहता ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक समाचार पत्र को अभिव्यक्ति की आजादी है। ये मीडिया का कर्तव्य है कि वो कोरोना संकट को कवर करे और हालात के बारे में लोगों को बताए, लेकिन इसकी आड़ में भारत को बदनाम करने का प्रयास विदेशी मीडिया को नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय मीडिया को पश्चिमी मीडिया द्वारा प्रकाशित किये जा रहे तथ्यों की जांच कर सत्य को सामने लाना चाहिए। विषय प्रवर्तन करते हुए वरिष्ठ पत्रकार उमेश उपाध्याय ने कहा कि कोरोना काल में पश्चिमी मीडिया अपनी खबरों के माध्यम से भारत की गलत छवि प्रस्तुत कर रहा है। भारत में कोरोना वैक्सीनेशन से संबंधित जो आंकड़े विदेशी अखबारों में प्रकाशित हुए हैं, वो वास्तविकता से बहुत दूर हैं।

संपादक सुश्री स्मिता प्रकाश ने कहा कि कोविड की कवरेज के दौरान विदेशी मीडिया ने पत्रकारिता के मानदंडों का पालन नहीं किया। वरिष्ठ पत्रकार एन.के. सिंह ने कहा कि पत्रकारिता का काम सत्य को सामने लाना है और मीडिया को ये काम पूरी ईमानदारी के साथ करना चाहिए। संपादक आनंद नरसिम्हन ने कहा कि हम किसी भी देश के मीडिया को ये हक नहीं दे सकते कि वो अपनी खबरों से भारत की छवि को खराब करे। अगर विदेशी मीडिया को कोरोना से संबंधित भारत के आंकड़ों पर भरोसा नहीं है, तो फिर हम विदेशी मीडिया के आंकड़ों पर क्यों भरोसा करें।

कार्यक्रम के दूसरे सत्र को संबोधित करते हुए पद्मश्री से अलंकृत वरिष्ठ पत्रकार जवाहरलाल कौल ने कहा कि पश्चिमी मीडिया ने अपने यहां कोरोना महामारी को कवर करने के लिए जो अनुशासन अपनाया, वो अनुशासन उन्होंने भारत के संदर्भ में नहीं रखा। उन्होंने कहा कि हमारे देश में इस भ्रम को दूर करना पड़ेगा कि विदेशी मीडिया ही सर्वश्रेष्ठ मीडिया है और वो जो दिखा रहा है, वही सत्य है। लईक रिजवी ने कहा कि पश्चिमी मीडिया के दोहरेपन का रवैया कोई नया नहीं है। कोरोना से पहले भी पश्चिमी मीडिया का रवैया अपने देश से बाहर निकलते ही बदल जाता था और आज भी यही स्थिति है।

लेखिका सुश्री शेफाली वैद्य ने कहा कि कोरोना महामारी का जो विकराल स्वरूप भारत ने देखा है, पश्चिम के कई देश उस स्थिति से गुजर चुके हैं। इटली, ब्रिटेन, स्पेन और अमेरिका जैसे विकसित देश भी संक्रमण के चरम पर असहाय हो गए थे। विदेशी मीडिया ने उस वक्त कवरेज के दौरान बेहद संयम बरता, लेकिन भारत के मामले में उन्होंने ऐसा नहीं किया। वरिष्ठ पत्रकार विवेक अग्रवाल ने कहा कि हमें मीडिया के फंडिग पैटर्न को समझना होगा, क्योंकि उसी से खबरों की कवरेज प्रभावित होती है।

सत्र की अध्यक्षता करते हुए आईआईएमसी के डीन (अकादमिक) प्रो. गोविंद सिंह ने कहा कि सत्य एक है और लोग उसे अलग-अलग तरह से बोलते हैं, लेकिन पूर्वाग्रह से ग्रसित होने के कारण विदेशी मीडिया खबरों को अपने हिसाब से प्रस्तुत करता है। उन्होंने कहा कि पूरब और पश्चिम के चिंतन में बहुत अंतर है। आपदा के समय धैर्य और गंभीरता का परिचय हर संस्थान की जिम्मेदारी है। आयोजन में विषय परिचय प्रो. प्रमोद कुमार ने दिया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. अनुभूति यादव एवं प्रो. संगीता प्रणवेंद्र ने किया। धन्यवाद ज्ञापन प्रो. शाश्वती गोस्वामी एवं प्रो. राजेश कुमार ने किया।


ब्रेकिंग न्यूज
UTTAR PRADESH - Basti: रिश्वत लेकर अन्ट्रेन्ड को धड़ल्ले से जारी किया जा रहा डीएल BSA ने छात्रों को पुरस्कृत कर बढाया हौसला BSA boosted morale of students by rewarding them