10 करोड़ लोगों तक पहुंची अयोध्या की डिजिटिल रामलीला, आयोजकों में उत्साह
अयोध्याः शहर के लक्ष्मण किला मंदिर में चल रही रामलीला का रविवार को समापन हुआ। आखिरी दिन 55 फीट ऊंचे रावण का पुतला फूंका गया। रामलीला समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि बॉलीवुड के कलाकारों की राम लीला का लाइव प्रसारण घर-घर में करीब 10 करोड़ लोगों तक पहुंचा है। आयोजन संस्था मेरी मां फाउंडेशन के पदाधिकारी सुभाष मलिक ने बताया कि रामलीला की सफलता से सभी उत्साहित हैं।
अब संस्था यहां अगले साल फिर राम लीला का आयोजन करने का मन बना रही है। राम लीला में अंगद का किरदार निभाने वाले भाजपा सांसद मनोज तिवारी का कहना है कि रामलीला से अयोध्या का आकर्षण देश-विदेश में फैला है। साथ में प्रभु राम की कथा से सीख भी लोगों को मिली है। गोरखपुर से भाजपा सांसद व राम लीला में भरत की भूमिका में मंच पर उतरे रविकिशन भी बेहद उत्साहित दिखे। उनका कहना है कि अयोध्या विश्व की सबसे महत्वपूर्ण नगरी के तौर पर विकसित होने जा रही है।