जमीन हड़पने के लिए बेटों ने रची साजिश
भागलपुर (प्रभाकर प्रसाद प्रभात) कलयुगी बेटों ने जमीन हड़पने के लिए अपने पिता को मृत घोषित कर दिया। पता चलने पर पिता ने बेटों की करतूत पर अपना माथा पीट लिया। जब गांव के लोगों को ये बात पता चली तो सब सुनकर दंग रह गए।
दरअसल भागलपुर जिले के गोराडीह के मुरहन गांव के बुजु्र्ग रामदेव सिंह ने अपने दोनों बेटों द्वारा पत्नी के नाम किये दानपत्र में उन्हें मृत बताया जिसका पता चलने पर रामदेव सिंह गुरुवार को पत्नी गायत्री देवी के साथ डीएम कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गये। रामदेव सिंह भाकपा नेता भी हैं। धरना पर बैठे रामदेव सिंह ने बताया कि उनके पास 77 डिसमिल जमीन थी। बेटा संजीव कुमार सिंह और अनिल कुमार सिंह ने जमीन को पत्नी के नाम से दानपत्र लिख दिया है। दानपत्र में दोनों बेटों ने उन्हें स्वर्गीय दिखाया है।
सिंह ने बताया कि गोराडीह सीओ ने बेटा की पत्नी के नाम से दाखिल खारिज भी कर दिया है। ताज्जुब की बात है कि जिस समय सीओ द्वारा दाखिल खारिज किया गया है। उसी दौरान सीओ ने वंशावली भी बनाकर दिया है, जिसमें जीवित बताया गया है। उन्होंने बताया कि गोराडीह थाना को 11 दिसंबर 2017 को आवेदन दिया गया। थाना में प्राथमिकी दर्ज हुई, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने बताया कि उन्होंने इसकी शिकायत मुख्य सचिव, डीजीपी, आईजी, डीआईजी, डीएम व एसएसपी सहित अन्य अधिकारियों से की, लेकिन कोई न्याय नहीं मिल रहा है। डीसीएलआर के यहां म्यूटेशन को रद्द करने की सुनवाई चल रही है।