अमीर रखते हैं चौकीदार-प्रियंका गांधी
प्रयागराजः गंगा यात्रा के दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी सिरसा पहुंचीं। यहां उन्होंने सिरसा घाट के पास गेस्ट हाउस में एक सभा को सम्बोधित करते हुये कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नाम के आगे चौकीदार लगायें ये ’’उनकी मर्जी है। मुझे एक किसान भाई ने कहा कि चौकीदार तो अमीरों के होते हैं, हम किसान तो अपने खुद चौकीदार हैं।
प्रियंका ने कहा, मैं आज इसलिए घर से बाहर निकली हूं क्योंकि देश संकट में है। आपने कांग्रेस की सरकारें देखी हैं। लेकिन अब जनता की आवाज को दबाया जा रहा है। देश आपका है। इसकी हिफाजत आप करें। 45 सालों में रोजगार की इतनी कमजोर स्थिति कभी नहीं हुई। इससे पहले गंगा यात्रा के पहले पड़ाव में प्रियंका प्रयागराज जिले के दुमदमा पहुंचीं। यहां उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात की। केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में आकर सबको प्रताड़ित कर रही है।
लोकतंत्र का मतलब है जनता की आवाज सुनी जाए। आज कोई नहीं सुन रहा। जनता अपनी मांग रखती है तो उस पर लाठीचार्ज किया जाता है। प्रियंका ने ग्रामीणों से कहा, आप ठीक तरह से सोचिए। समझिए फिर अपने वोट का इस्तेमाल कीजिए। कांग्रेस की सरकार में आपको मनरेगा मिला। जिन-जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकारें बनीं, वहां किसानों के कर्ज माफ किए गए। जबकि भाजपा के राज में चुनिंदा उद्योगपतियों के ही कर्ज माफ किए गए। प्रयागराज के मनैया घाट से प्रियंका ने वाराणसी के लिए गंगा यात्रा शुरू की।