बस खाई में गिरी, 14 की मौत, दर्जन भर घायल
देहरादूनः (कंदन शर्मा) यमुनोत्री हाईवे पर डामटा रिखाऊंखड्ड के पास रविवार दोपहर एक बस बेकाबू होकर यमुना नदी में जा गिरी। हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई और 13 लोग घायल हो गए। घायलों का रेस्क्यू करने के बाद छह गंभीर घायलों को हेलीकॉप्टर और शेष सात को एंबुलेंस की मदद से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
बस में सवार कुल यात्रियों की संख्या पता नहीं चल पाई है। पुलिस एवं एसडीआरएफ की टीमें कुछ लोगों के यमुना नदी में बहने की आशंका को देखते हुए रेस्क्यू अभियान में जुटी हैं। बस चालक के अनुसार बस का स्टीयरिंग रॉड टूटने के कारण हादसा हुआ। रविवार सुबह हनुमानचट्टी से विकासनगर के लिए निकली लोकल यात्री बस दोपहर सवा बारह बजे डामटा रिखाऊंखड्ड के पास अनियंत्रित होकर करीब दो सौ मीटर नीचे यमुना नदी में जा गिरी। बस के पीछे चल रहे टैक्सी वाहन के चालक ने हादसे की सूचना पुलिस को दी।