• Subscribe Us

logo
03 जून 2024
03 जून 2024

विज्ञापन
मीडिया दस्तक में आप का स्वागत है।
Uttar pradesh

ऐसी तो न थी हमारी रायबरेली

Posted on: Tue, 23, Jul 2019 8:48 AM (IST)
ऐसी तो न थी हमारी रायबरेली

रायबरेली ब्यूरोः (आकाश अग्निहोत्री) वर्तमान विधायिका अदिति सिंह अपने ऊपर हुए जानलेवा हमले मामले में पुलिस द्वारा एफआर लगाए जाने पर बिफर पड़ी। वह एक होटल में पत्रकार वार्ता कर रहीं थीं। उन्होंने एमएलसी दिनेश सिंह, उनके भाइयों सहित पुलिस की कार्यशैली पर सख्त नाराजगी जताई।

कहा कि एक विधायक पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस सत्ता के दबाव में न्याय को तिलांजलि दे देती है, तो आम इंसान के साथ क्या हो रहा होगा। उन्होंने कहा कि मेरी लड़ाई सिर्फ एमएलसी और उनके भाईयों से ही नहीं जो काली फिल्म लगी शीशे वाली गाड़ियों से चलते हैं, बल्कि यहां के प्रशासन और भ्रष्ट पुलिस से भी है। इनसे मैं डरने वाली नहीं हूं। लड़ती रहूंगी। मीडिया से रूबरू सदर विधायक ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। ऐसे लोग गुंडागर्दी कर रहे हैं, जो सरकार के साथ पार्टी बदलते हैं। कहा कि प्रशासन कितना भी इनके अपराधों को दबाए मगर, जनता सब जानती है।

एफआर लगाकर जनता को गुमराह नहीं किया जा सकता। जनता मेरी ताकत है। जनता ने मुझे तब सपोर्ट किया जब मेरे पिता बीमार थे। मुझे 90 हजार वोटों से जिताया। तब भी मेरा साथ दिया जब मैंने शहर में विकास करने की ठानी थी। ऐसा इसलिए क्योंकि मेरी नीयत साफ है। इस मुद्दे को विधानसभा में उठाया जाएगा। कोर्ट तक ले जाऊंगी। विधायक ने कहा कि एसपी ने मुख्यमंत्री कार्यालय में झूठ बोला कि 23 लोग पकड़े गए हैं, जबकि असलियत में 15 गिरफ्तारी हुई थी। ये लोग भी 10 दिन में जमानत पर छूट गए। वहीं जो नामजद थे, वे खुलेआम घूमते ही रहे। जिला पंचायत सदस्य राकेश अवस्थी की कितनी सर्जरी हुईं, कितनी हड्डियां टूटीं, यह कौन नहीं जानता। फिर भी पुलिस कहती है कुछ नहीं हुआ।

विधायक ने कहा यह हमारी रायबरेली कैसी हो गई है। इतनी ज्यादा बिगड़ी कानून व्यवस्था कभी नहीं थी। न गुंडाराज था। मेरे पिता पांच बार विधायक रहे, मगर उन्होंने हमेशा गुंडागर्दी रोकी। आदमी खुद को सुरक्षित महसूस करता था, जो अब नहीं है। मेरे ताऊ के पास 15 साल जिला पंचायत रही। अविश्वास प्रस्ताव भी आए, मगर कभी अपहरण और कातिलाना हमले नहीं कराए। बल्कि विकास कराया, जो अब भी दिख रहा है। प्रशासन पर आरोप लगाते हुए महराजगंज के सीओ विनीत सिंह पर भी विधायक ने तीखे प्रहार किए। कहा कि सीओ विनीत सिंह पार्टी न बनें। बल्कि वह जिम्मेदारी निभाएं, जिसके लिए शासन ने उन्हें नियुक्त किया है। जनता की सुरक्षा उनका काम है, वही करे।




ब्रेकिंग न्यूज
मीडिया दस्तक में आप का स्वागत है।