चर्चा में है फर्जी शादी, फर्जी दुल्हन
श्रीगंगानगर ब्यूरोः (विनोद सोखल) पुरानी आबादी में रहने वाला एक परिवार भी पिछले दिनों फर्जी शादी का शिकार हो गया। इस परिवार ने एक लाख रुपए देकर समाज में अपनी इज्जत बचाई। एक राज्य स्तरीय समाचार पत्र ने शेखावाटी की दुल्हनों द्वारा फर्जी शादी करने के खेल को उजागर किया है। इस गिरोह का शिकार हमारे शहर के लोग भी हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार पुरानी आबादी का एक परिवार फर्जी शादी करने वाले गिरोह के सम्पर्क में आ गया। लड़की देखने के बाद आनन-फानन में चुन्नी ओढ़ा कर शादी की रस्म पूरी कर ली गई।
फर्जी दुल्हन ने घर में आते ही अपना खेल शुरू कर दिया। अपने पति को परिवारवालों से अलग करवा दिया। उस वक्त तक परिवार के लोग फर्जी दुल्हन के इरादों को समझ नहीं सके थे। दुल्हन व उसके गिरोह के लोगों ने इस परिवार को दहेज प्रताडऩा का मुकदमा दर्ज करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आखिरकार यह परिवार बुरी तरह फंस चुका था। शहर के नेता की शरण में गया। नेता जी ने इस मामले में पंचायत करवा कर मामला सुल्टा दिया।
फर्जी दुल्हन को एक लाख रुपए की नगदी थमानी पड़ी। यह घटना करीब दो से तीन माह पुरानी है। लड़कियों की कमी के बीच परिवार के लोग अपने बेटे के लिए दुल्हन चाहते हैं, इसलिए वह शादी करवाने वाले गिरोह के सम्पर्क में आ जाते हैं। फर्जी दुल्हनें घर में आकर अपना खेल खेलना शुरू कर देती हैं। घर में रखा सोना-चांदी, नगदी लेकर फुर्र हो जाती हैं, फिर दहेज का मुकदमा दर्ज करवाने की धमकी देकर मोटी रकम ऐंठती हैं।