• Subscribe Us

logo
02 जून 2024
02 जून 2024

विज्ञापन
मीडिया दस्तक में आप का स्वागत है।
Bihar

रोहतास की ’निर्भया’ को कब मिलेगा न्याय

Posted on: Sun, 15, Apr 2018 9:11 PM (IST)
रोहतास की ’निर्भया’ को कब मिलेगा न्याय

पटना (राजेश कुमार साहु) बिहार के रोहतास जिले के करगहर की छह वर्षीय ’निर्भया’ को आखिर कब न्याय मिलेगा? यह सवाल चौक-चौराहों पर सबकी जुबान पर है। पांच दिनों से सदर अस्पताल सासाराम के महिला वार्ड में बेसुध पड़ी पीड़िता का हाल जानने के लिए केंद्रीय मंत्री तक दौड़ लगा रहे हैं।

स्पीडी ट्रायल चलाकर दुष्कर्मी को फांसी की सजा देने की मांग की जा रही है। शुक्रवार को दुष्कर्म में फांसी की सजा देने पर सरकार का विचार संबंधी खबर आने पर पीड़िता के परिजनों में यह उम्मीद जगी है कि उनकी बेटी को भी न्याय मिलेगा। लेकिन, स्थानीय पुलिस की कार्यशैली उनकी उम्मीदों पर पानी फेर रही है। घटना के वक्त ही मौके पर पकड़े गए दुष्कर्मी मेराज को लोगों ने पुलिस को सौंप दिया था। परिजन स्पीडी ट्रायल शुरू होने होने को ले सशंकित हैं। हालांकि, पुलिस चार्जशीट दाखिल करने व स्पीडी ट्रायल की अनुशंसा करने की बात कह रही है।

गत 10 अप्रैल की शाम दरवाजे पर खेल रही छह वर्षीया बच्ची को गांव के शादीशुदा दो बच्चों के पिता 40 वर्षीय मेराज ने उठाकर हैवानियत की हदें पार करते हुए झोपड़ी में दुष्कर्म किया था। घटना को अंजाम देने के बाद निकल रहे मेराज को देख पीड़िता के पिता ने जब उसे रोकने की कोशिश की, तो वह भागने लगा। तभी बच्ची के चीखने की आवाज सुनाई दी। जब वे अंदर गए तो खून से लथपथ बच्ची चीख रही थी।

ग्रामीणों ने दुराचारी को पकड़ लिया और थाने का घेराव कर प्रदर्शन भी किया। वरीय अधिकारियों के त्वरित न्याय के आश्वासन पर लोग वहां से हटे थे। घटना को लेकर जगह-जगह प्रदर्शन किया जा रहा है। राज्य बाल संरक्षण आयोग व विधिक सेवा प्राधिकार ने स्वतः संज्ञान ले लिया है। आयोग की सदस्य प्रमिला सिंह ने सदर अस्पताल पहुंचकर परिजनों से जानकारी ली। जबकि विधिक सेवा प्राधिकार भी अपने स्तर से मामले की जांच कर रहा है। केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा व सांसद छेदी पासवान भी अस्पताल जा चुके हैं। छह वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म की घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है। मामले में पुलिस ने कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। स्पीडी ट्रायल के लिए भी अनुशंसा की गई है। कोर्ट से कठोर से कठोर सजा दिलाने की मांग की जाएगी।




ब्रेकिंग न्यूज
मीडिया दस्तक में आप का स्वागत है।