बैंक लोन नही दे पा रहा था, पत्नी बेटे को मारकर खुद भी किया सुसाइड की कोशिश
यूपी डेस्कः गाजियाबाद से डबल मर्डर की खबर है। गुरुवार को एक शख्स ने पत्नी बेटे की चाकू से गला रेत कर हत्या कर दी। इसके बाद खुद पर भी चाकू से हमला किया। पड़ोसियों ने खून से लथपथ आरोपी को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस को मामले की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है।
आरोपी ने कर्ज से परेशान होकर वारदात को अंजाम देने की बात लिखी है। मामला कविनगर थाना क्षेत्र में महिंद्रा एनक्लेव बी ब्लॉक का है। अमरदीप शर्मा ने दोपहर करीब 1 बजे ऊना (हिमाचल प्रदेश) में जॉब करने वाले बड़े भाई नवदीप को फोन किया। कहा कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उस पर बोतल से हमला कर दिया है। इसके बाद कॉल कट गई। इस पर नवदीप ने गाजियाबाद में रहने वाली अपनी चाची संगीता को फोन करके पूरा मामला बताया।
संगीता जब वहां पहुंची तो गेट अंदर से बंद था। किसी तरह संगीता ने कुंडी खोली, तो अंदर का नजारा देखकर दंग रह गई। अंदर अमरदीप, उसकी पत्नी सोनू(35) और बेटा विनायक(10) लहूलुहान हालत में पड़े थे। सोनू और विनायक की मौत हो चुकी थी। अमरदीप की सांस चल रही थी। पुलिस जांच में पता चला है कि महिंद्रा एंक्लेव में जिस मकान में परिवार रह रहा था, उस पर अमरदीप ने लोन ले लिया था। लोन जमा नहीं होने पर बैंक वाले जब घर पहुंचे। अन्य परिजनों को लोन की जानकारी हुई। पिछले कई दिन से लोन वसूली के लिए एजेंट घर पर आ रहे थे।
गुरुवार को घटना वाले दिन भी वे घर पर आए, लेकिन गेट बंद देखकर चले गए। डीसीपी ज्ञानांज्य सिंह ने बताया कि घर में अमरदीप शर्मा घायल, इनकी पत्नी सोनू व पुत्र विनायक मृत अवस्था में मिले। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। प्रथम दृष्टया घटना के विषय में यह प्रतीत होता है कि अमरदीप शर्मा ने पत्नी व बच्चे को मारकर आत्महत्या करने की कोशिश की है। अमरदीप शर्मा घायल अवस्था में हॉस्पिटल में हैं। अर्धचेतन अवस्था में कुछ बाते स्वीकार भी कर रहे हैं। एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उन्होंने अपनी पत्नी व बच्चे को मारकर क्षमा मांगते हुए अपने सुसाइड करने की बात लिखी है।