डिप्टी सीएम के कार्यक्रम में कई राउण्ड फायरिंग
कानपुरः यूपी की कानून व्यवस्था राम भरोसे चल रही है। गुण्डाराज से मुक्ति दिलाने का वादा सिर्फ जनता का वोट हासिल करने का जुमला साबित हो रहा है। तेजी से बढ़ते आपराधिक आंकड़े सरकार की विफलता की कहानी कह रहे हैं। प्रबुद्धजनों का मानना है कि कानून व्यवस्था ठीक करने में बुरी तरह फेल हो चुके मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को नैतिकता वश इस्तीफा दे देना चाहिये। ताजा मामला उन्नाव का है। यहां उप मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में फायरिंग हुई। घटना से कानून व्यवस्था पर एक बार फिर सवालिया निशान खड़ा हुआ है। यहां उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा के कार्यक्रम स्थल पर 2 पक्षों में जमकर फायरिंग हुई वो भी उस समय जब पूरे जिले की पुलिस और अधिकारी वहीं खड़े थे। ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गयी। वहीं कानून व्यवस्था के सवाल पर दिनेश शर्मा ने प्रेस कांफ्रेंस तक छोड़ दी।
उन्नाव सदर विधायक पंकज गुप्ता के आवास पर मोदी सरकार के 3 साल पूरे होने पर दिनेश शर्मा को 3 बजे प्रेस को संबोधित करना था। उप मुख्यमंत्री के आने से 5 मिनट पहले काली स्कार्पियो और बाइक सवार बदमाशों के बीच जिला प्रशासन की मौजूदगी में कार्यक्रम स्थल पर जमकर गोली चली। डीएम उन्नाव और एसपी उन्नाव मौके पर मौजूद थे। इस दौरान कई थानों की पुलिस फ़ोर्स भी तैनात थी लेकिन सब मूक दर्शक बने रहे।
फायरिंग के बाद सड़क पर खोखे बिखरे पड़े रहे। पहले पुलिस ने मामले को छिपाने का प्रयास किया लेकिन खोखे मिलने पर पुलिस की पोल खुल गयी। सरकार बनने के बाद अब तक आपाराधिक आंकड़े और पार्टी के अपनों की अनुशासनहीनता के बाद योगी आदित्यनाथ के प्रति जनता का भरोसा टूट चुका है। एक तरफ सरकार अपनी उपलब्धियां गिना रही है दूसरी ओर सरकार के ही लोग आमजनमानस में दहशत फैला रहे हैं। एक विपक्षी नेता ने कानून व्यवस्था पर टिप्पणी करते हुये कहा साल भीतर ही भाजपा की स्थिति सड़ी मछली जैसी हो जायेगी, जिसे न खाते बनेगा और फेंकते। यह भी कहा कि अब भाजपा कहां रह गयी, आप ओरिजनल भाजपा ढूढ़ते रह जायेंगे।