ससुराल में पेड़ से लटकती मिली लाश
फैजाबाद ब्यूरो (विनोद तिवारी) ससुराल गए 34 बर्षीय युवक का शव गांव के बाहर पेड़ से लटकता हुआ देख क्षेत्र में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कुमारगंज थाना क्षेत्र के पिठला गांव निवासी सतीश पुत्र सुभाषचन्द्र कहाँर शुक्रवार को अपनी ससुराल जोरियम-पूरे भोगयीं गांव गया हुआ था।
सुबह ससुराल के गांव के बाहर आम के पेड़ की डाल से प्लास्टिक की रस्सी से गले मे फंदा लगा लटकता हुआ शव ग्रामीणों ने देखा तो सन्न रह गए और इसकी सूचना मृतक के घर वालो व पुलिस को दी गयी। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुँच कर रोने बिलखने लगे। कुमारगंज थानाध्यक्ष श्रीनिवास पांडेय हमराही सिपाहियों के साथ आनन फानन में घटना स्थल पर पहुँच कर आस-पास बारीकी से निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सूत्रो की मानें तो मृतक सतीश की उसकी पत्नी व ससुराली जनो के बीच शाम को कुछ कहा सुनी हुयीं थी। उसके बाद सतीश वहां से चला आया था। वहीं मृतक सतीश के परिजनों का कहना है कि उसकी हत्या की गयी है। पोस्टमार्टम हो जाने के बाद पुलिस को तहरीर दिया जाएगा। प्रकरण में थानाध्यक्ष श्रीनिवास पांडेय का कहना है कि शव को देखने से प्रथम दृष्टया आत्महत्या ही प्रतीत होता है। छानबीन की जा रही है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ जाने के बाद सही जानकारी मिल सकेगी।