मौसम ने पलटी मारी, किसानों में छायी मायूसी
रायबरेली ब्यूरोः (आकाश अग्निहोत्री) रायबरेली के तमाम क्षेत्रो से बारिश के साथ ओले गिरे हैं और किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें साफ दिखार्द दे रही है। मौसम ने एक बार फिर से पलटी मारी है। मौसम परिवर्तन से कई क्षेत्रों में बारिश के साथ ओले गिरे। सड़क और खेतों में मानो सफेद चादर बिछ गई हो। इससे सबसे अधिक गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा है। कई जगह तो बालियां तक निकल आईं थीं। इसके अलावा अन्य फसलों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। इससे किसानों में मायूसी है। आज प्रातः हल्की बारिश हुई। फिर दिन में धूप निकली रही। दोपहर बाद एकाएक मौसम फिर बदल गया। शाम होते-होते आसमान में घने बादल छा गए। शहर क्षेत्र में तेज हवाएं चलने लगी। लालगंज, खीरों में बारिश हुई। वहीं महराजगंज, अमावां क्षेत्र में झमाझम बारिश के साथ ओले गिरे।
इसके चलते गेहूं की फसलों को काफी नुकसान पहुंचा। सबसे अधिक गेहूं की फसल प्रभावित हुईं। बालियां निकल आने के कारण हवा के तेज झोंके से गिर गई। कई बीघे फसल गिरने से किसान काफी निराश है। सरसों की फसल भी प्रभावित हुई है। कृषि वैज्ञानिक आर के कनौजिया के अनुसार अब सरसों की फसल कट रही है। पानी और ओला दोनों से उसका नुकसान है। गेहूं की फसल भी गिर गई। यह पानी सभी फसलों के लिए नुकसानदायक है। किसान खेतों में पानी न रुकने दें।