• Subscribe Us

logo
29 अप्रैल 2024
29 अप्रैल 2024

विज्ञापन
मीडिया दस्तक में आप का स्वागत है।
West bengal

चिटफंड घोटाला: तृणमूल सांसद गिरफ्तार

Posted on: Tue, 03, Jan 2017 11:01 PM (IST)
चिटफंड घोटाला: तृणमूल सांसद गिरफ्तार

कोलकाता: (पवन शुक्ला) सीबीआई ने कथित रोजवैली चिटफंड घोटाले की जांच के सिलसिले में आज लोकसभा में तृणमूल कांग्रेस के संसदीय दल के नेता सुदीप बंद्योपाध्याय को गिरफ्तार किया। एक हफ्ते के अंदर यह पार्टी के दूसरे नेता की गिरफ्तारी है। बंद्योपाध्याय करीब 11 बजे यहां सीबीआई कार्यालय पहुंचे। उनसे चार घंटे से अधिक देर तक सघन पूछताछ की गई। उसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उन्हें पहले सीबीआई ने तीन बार समन जारी किया था। कथित रोजवैली घोटाले के मामले में बंद्योपाध्याय की गिरफ्तारी से पहले शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस के ही अन्य सांसद तापस पाल को गिरफ्तार किया गया था। आज सीबीआई कार्यालय पहुंचने पर बंद्योपाध्याय ने वहां इंतजार कर रहे पत्रकारों से कहा कि वह पूछताछ का सामना करने आए हैं और उन्हें मालूम है कि उनके विरुद्ध क्या आरोप हैं।

बंद्योपाध्याय की गिरफ्तारी के शीघ्र बाद यहां तृणमूल कांग्रेस की छात्र इकाई के संदिग्ध कार्यकर्ताओं ने प्रदेश भाजपा मुख्यालय पर पथराव किया। हालांकि तृणमूल कांग्रेस छात्र परिषद ने इस घटना में अपना हाथ होने से इनकार किया है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि परिषद के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भाजपा के खिलाफ नारे लगाए एवं शहर में भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पर पथराव किया। पुलिस ने इलाके को घेर लिया और प्रदर्शनकारियों को वहां से भगाया। कोलकाता पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि कुछ लोगों ने भाजपा कार्यालय पर पथराव किया। बाद में हमने बल प्रयोग किया एवं भीड़ को तितर-बितर किया। इधर, बंद्योपाध्याय की गिरफ्तारी से नाराज पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीबीआई, ईडी और आयकर विभाग का इस्तेमाल उन लोगों के खिलाफ करने का आरोप लगाया, जिन्होंने नोटबंदी के खिलाफ आवाज उठाई है। बनर्जी ने मोदी को उन्हें और तृणमूल कांग्रेस के सभी सांसदों को गिरफ्तार करने की चुनौती दी।

उन्होंने कहा कि नोटबंदी के खिलाफ उनका विरोध-प्रदर्शन जारी रहेगा। रोज वैली चिटफंड घोटाले में सीबीआई द्वारा सुदीप की गिरफ्तारी के तत्काल बाद संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा कि मैं यह नहीं सोच सकती कि सुदीप बंद्योपाध्याय जो लोकसभा में हमारी पार्टी के नेता हैं उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। मेरे पास यह भी सूचना है कि मोदी तृणमूल कांग्रेस के कई अन्य नेताओं यथा अभिषेक बनर्जी, शोभन चटर्जी और फरहाद हाकिम की गिरफ्तारी चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मैं स्तब्ध हूं, लेकिन डरी हुई नहीं हूं।

रोजवैली चिटफंड घोटाला मामले में गिरफ्तार तृणमूल कांग्रेस सांसद तापस पाल की बेटी सोहिनी पाल आज सीबीआई के सामने दूसरी बार हाजिर हुई। सीबीआई की नोटिस के बाद सोमवार को सोहिनी पहली बार जांच एजेंसी के सामने हाजिर हुई थी।




ब्रेकिंग न्यूज
मीडिया दस्तक में आप का स्वागत है।