महिला सिपाही के साथ पुलिस स्टेशन में हुआ कई बार रेप
यूपी डेस्कः जालौन में एक महिला सिपाही के साथ थाने में दुष्कर्म किये जाने का मामला सामने आया है। आरोप सीनियर सिपाही कर्मवीर पर है। महिला सिपाही का कहना है कि उसने पुलिस स्टेशन के अंदर कई बार रेप किया। मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता का ट्रांसफर दूसरे थाने में हो गया। जब भी उसने मामले की शिकायत करने का प्रयास किया तो सिपाही ने जान से मारने की धमकी देकर उसे डरा दिया।
यूपी के जालौन जिले में महिला सिपाही से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आने से पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। फिलहाल पीड़ित महिला सिपाही ने इस घटना के बारे में उच्चधिकारियों को अवगत कराया, जिसके बाद महिला सिपाही की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। उरई मुख्यालय से 55 किलोमीटर दूर नदीगांव थाना है जहां एक महिला सिपाही ने अपने साथ तैनात सिपाही कर्मवीर सिंह के खिलाफ रेप का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि उसके साथ तैनात रहे सिपाही कर्मवीर ने कई बार उसके साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया।
जब भी उसने इस घटना की शिकायत करने का प्रयास किया तो सिपाही ने जान से मारने की धमकी दी। लेकिन आरोपी सिपाही कर्मवीर के ट्रांसफर होने पर घटना की शिकायत पीड़ित महिला सिपाही ने उच्च अधिकारियों से की। इसके बाद नदीगांव थाने में केस दर्ज किया गया। वर्तमान में पुलिस लाइन में तैनात सिपाही कर्मवीर बीते दिनों नदीगांव थाने में तैनात था। महिला ने बताया कि दोनों एक ही थाने में तैनात थे उसी दौरान उनके बीच नजदीकियां बढ़ी और मौके का फायदा उठाकर आरोपी पुलिस कांस्टेबल ने उसके साथ कई बार रेप किया। आरोपी पुलिस कांस्टेबल शादीशुदा है। महिला कांस्टेबल ने डर की वजह से लंबे समय तक शिकायत नहीं की। आरोपी का ट्रांसफर होने के बाद पूरा मामला पुलिस अधिकारियों के सामने रखा। घटना के बारे में जालौन के पुलिस अधीक्षक डॉक्टर ईरज राजा ने बताया कि महिला सिपाही की शिकायत के आधार पर आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर संबंधित थाने को जांच के आदेश दिए गये हैं।