खलीलाबाद में सुभासपा नेता नंदनी राजभर की चाकुओं से गोदकर हत्या, इलाके में तनाव, पुलिस पर पथराव की खबर
संतकबीर नगर, उ.प्र.। रामराज्य के आनंद के बीच हत्या और बलात्कार की घटनायें आम हो गई हैं। योगी सरकार खराब कानून व्यवस्था को लेकर निशाने पर है लेकिन न घटनायें कम हो रही हैं और न ही भाषणों से निकलकर रामराज्य ही धरातल पर आ रहा है। मामला सुतकबीर नगर का है। यहां सुभासपा की महिला नेता नंदिनी राजभर की रविवार को दिनदहाड़े हत्या कर दी गई।
वह पार्टी की महिला सभा की प्रदेश महासचिव थी। आरोपियों ने घर में घुसकर चाकुओं से उन्हे गोद डाला। घटना की वजह जमीनी विवाद बताई जा रही है। दिनदहाड़े हत्या से गांव में जबरदस्त तनाव है। मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात है। मामला कोतवाली खलीलाबाद था क्षेत्र के डीघा मोहल्ले का है। डीघा मोहल्ले में रहने वाले अच्छेलाल राजभर की पत्नी नंदिनी राजभर (30) सुभासपा की थीं। नंदिनी रविवार को भाजपा कार्यालय पर हुई बैठक में शामिल होने के बाद शाम करीब 4 बजे अपने घर लौटी थीं।
उनके पति शहर में काम करने गए थे, जबकि 7 साल का इकलौता बेटा भी खेलने गया था। शाम करीब साढ़े 5 बजे मोहल्ले की कोई महिला उनके घर किसी काम से गई। दरवाजा खुला होने के चलते महिला उनके कमरे में पहुंची, तो फर्श पर नंदिनी की खून से लथपथ लाश पड़ी थी। महिला के शोर मचाने पर मोहल्ले के तमाम लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। उच्चाधिकारियों को घटना की सूचना देने के बाद कोतवाली प्रभारी बृजेन्द्र पटेल घटनास्थल पर पहुंचे। बाद में फोरेंसिक टीम और भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक शशि शेखर सिंह ने घटनास्थल का मुआयना किया।
घटना को लेकर सुभासपा कार्यकर्ताओं और गांव के लोगों में जबरदस्त आक्रोश है। पुलिस लोगों को समझाने में जुटी है, लेकिन गांव के लोग शव पुलिस को देने को तैयार नहीं हैं। अपर पुलिस अधीक्षक शशि शेखर सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस मौके पर मौजूद है। पुलिस टीम पर पथराव की भी खबर है। लोगों ने बताया कि नंदिनी राजभर अपने रिश्ते के ससुर को इंसाफ दिलाने के लिए लड़ाई लड़ रही थीं। उसी मामले को लेकर उनको धमकी मिल रही थी। आज शाम को नंदिनी की घर में घुसकर चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। उनका शव घर के कमरे पड़ा था। बताया जा रहा है कि नंदिनी राजभर ससुर वाले मुकदमे में अगुआई कर रही थी। एक सप्ताह पहले रिश्ते के ससुर का रेलवे ट्रैक पर शव मिला था। SP सत्यजीत गुप्ता ने कहा कि हत्यारों को फांसी की सजा दिलाएंगे। किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में उच्चस्तरीय जांच करवाई जाएगी।