प्रेमी के साथ मिलकर पति को उतारा मौत के घाट
उत्तर दिनाजपुरः (प्रत्यूष यादव) जिसके संग सात फेरे लिये जीवन भर साथ निभाने के लिये वही जान का दुश्मन बन जाये तो आदमी किस पर भरोसा करें। कुछ ऐसा ही मामला प्रकाश में आया है जहां पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर अपने जीवनसाथी को मौत के घाट उतार दिया।
शनिवार की सुबह उत्तरपाड़ा थानांतर्गत हिन्दमोटर के रबिन्द्र नगर इलाके से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। देवी अपार्टमेंट्स में रहने वाली एक महिला गौरी हाजरा ने अपने प्रेमी विजय सिंह के साथ मिलकर अपने पति सुबोध हाजरा (50) की हत्या कर डाली। इस मामले में उत्तरपाड़ा थाना की पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले अभियुक्तों गौरी हाजरा और उसके प्रेमी विजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया। स्थानीय पिंटू राय ने बताया कि गौरी का इलाके के ही विजय सिंह के साथ लंबे समय से अवैध संपर्क था। दोनो अक्सर एक दूसरे से मिला करते थे।
इसको लेकर घर मे विवाद होता था, मृतक निहायत ही नेक इंसान थे। शनिवार की सुबह खून से सना शव देखकर घटना का खुलासा हुआ। मृतक के गले की नली बर्बरतापूर्णे काट दी गई थी। साथ ही माथे में दोनो तरफ गंभीर चोट के निशान थे। पूरा घर खून से सना था। हालांकि आरोपी पत्नी ने मकान के पिछवाड़े के गेट से अपने आशिक को घर मे प्रवेश करवाया इसके बाद दोनों ने मिलकर बर्बरतापूर्वक हत्या की घटना को अंजाम दिया। इस घटना के बाद से इलाके के लोग सन्न है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीरामपुर वाल्स अस्पताल भेज दिया एवं अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है।