बेगूसराय के सांसद के अंतिम संस्कार में उमड़े लोग
पटनाः (राजेश साहू) राजकीय सम्मान के साथ रविवार की शाम बेगूसराय के सांसद डा. भोला सिंह का अंतिम संस्कार सिमरियाधाम के पावन गंगातट पर किया गया। उनके ज्येष्ठ पुत्र अरुण कुमार ने अपने पिता को मुखाग्नि दी।
अंतिम संस्कार के पूर्व बिहार पुलिस बल के जवानों के द्वारा गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके साथ ही उनका पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन हो गया। उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने भोला सिंह के निधन को न केवल भाजपा बल्कि बिहार के लिए अपूरणीय क्षति बतायी। बिहार भाजपा प्रभारी भूपेन्द्र यादव ने कहा कि अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब भोलाबाबू की लोक्रिप्रयता का परिचायक है। सांसद भोला सिंह अपने पीछे तीन पुत्र व दो पुत्री समेत भरापूरा परिवार छोड़ गए।
भाजपा के कई दिग्गज नेता, सांसद, मंत्री व विधायक अपराह्न तीन बजे से सिमरिया गंगातट पर पहुंच चुके थे। जिला प्रशासन का पूरा कुनबा डीएम राहुल कुमार, एसपी अवकाश कुमार, एडीएम ओमप्रकाश प्रकाश, एएसपी मनोज कुमार तिवारी, एसडीओ संजीव चौधरी के नेतृत्व में दोपहर 12 बजे से ही सिमरिया गंगातट पर मौजूद था। जीरोमाइल से लेकर राजेन्द्र पुल तक विभिन्न चौक चौराहे पर ट्रैफिक नियंत्रण के लिए पुलिस बल तैनात था।