भावपूर्ण प्रस्तुति से श्रोता भाव विभोर
लालगंज-प्रतापगढ़ (चंदन विश्वकर्मा): लालगंज कस्बा में चल रहे मानस सम्मेलन में शुक्रवार को राम नाम की अमृत वर्षा से मानस नगर हिलोंरे लेता नजर नजर आया। कस्बा स्थित पं0 राम अंजोर मिश्र स्कूल के प्रांगण में बीते 18 नवम्बर से चल रहे चार द्विवसीय मानस सम्मेलन के तीसरे दिन मानस मनीषियों की भावपूर्ण प्रस्तुति से लोग भाव विभोर हो गये। कथा का रसास्वादन कराते हुए अंतर्राष्ट्रीय रामायणी पं0 रामचन्द्र पाण्डेय ने कहा कि भारत की संस्कृति का प्रकाट्य गांव में हुआ करता है। भगवान राम के स्मरण मात्र से सभी विकार मिट जाया करते हैं। मानस कोकिला गीता त्रिपाठी ने उपस्थित श्रोताओं को बताया कि भारत की यह पवित्र वसुन्धरा सीता, सावित्री, गार्गी, सती अनुसुइया की पवित्र कर्मभूमि है। सीता का त्याग सम्पूर्ण नारी जगत के मस्तक को ऊंचा करता है। मानस कथा को आगे बढ़ाते हुए मानस तुलाधार स्वामी तुलसी किंकर ने कहा कि मानस कथा के श्रवण व रामनाम के जप से मन का तामस मिट जाया करता है और मानव का जीवन सुधार की ओर बढ़ता है। मानस मनीषी आचार्य सुधाकर ने बताया कि भगवान राम का स्मरण लोक परलोक की मंगल कामना व मानव जीवन के लिए सदैव प्रेरणादायी है। मानस मधुकर पं दिनेश कुमार त्रिपाठी ने राम नाम की महत्ता का बखान करते हुए राम के भ्रातृत्व प्रेम पर प्रकाश डाला। सम्मेलन का संचालन मानस रत्न डाॅ0 अम्बिकेश त्रिपाठी व प्रेम शंकर त्रिपाठी ने संयुक्त रुप से किया।