• Subscribe Us

logo
10 मई 2024
10 मई 2024

विज्ञापन
मीडिया दस्तक में आप का स्वागत है।
Uttar pradesh

देवरियाः खून से लाल हुई ज़मीन, एक झटके में 6 लोगों की हत्या

Posted on: Mon, 02, Oct 2023 10:02 PM (IST)
देवरियाः खून से लाल हुई ज़मीन, एक झटके में 6 लोगों की हत्या

देवरिया, उ.प्र.। रूद्रपुर क्षेत्र के फतेहपुर गांव में जमीन के विवाद को लेकर सोमवार सुबह दो पक्षों के बीच हुए संघर्ष में प्रेम यादव (50) की पीट पीट कर हत्या कर दी गयी। इसके बाद हुये खूनी संघर्ष में प्रेम यादव के पक्ष ने एक ही परिवार के पांच सदस्यों को मौत के घाट उतार दिया। इस मामले में पुलिस 14 लोगों को हिरासत में लिया है। घटना के बाद गांव में गजब का सन्नाटा है, चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा है।

कई थानों की फोर्स मौके पर मौजूद है साथ में 2 कंपनी पीएसी को भी लगाया गया है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए मौके पर एडीजी जोन, कमिश्नर, डीएम-एसपी के अलावा यूपी के प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद और स्पेशल डीजी प्रशांत कुमार भी पहुंचे हैं। खुद सीएम योगी आदित्यनाथ पल-पल की रिपोर्ट ले रहे हैं। उधर, डीजीपी ने देवरिया एसपी से रिपोर्ट मांगी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख जताते हुए दोषियों को किसी भी कीमत पर ना बख्शने के निर्देश दिए हैं। दूसरी ओर विपक्ष ने इस मुद्दे को लेकर सरकार को जमकर घेरा है।

पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने बताया कि रुद्रपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में आज सुबह करीब छह बजे जमीन के विवाद को लेकर सत्य प्रकाश दुबे (54), उसकी पत्नी किरण (52), बेटी सलोनी (18) और नंदिनी (10) तथा बेटे गांधी (15) की हत्या कर दी गयी। इससे पहले आज ही सुबह जिला पंचायत सदस्य प्रेम यादव (50) की सत्य प्रकाश दुबे के पक्ष के लोगों ने पीट-पीट कर हत्या कर दी थी। इसके बदले में जमकर खूनी संघर्ष हुआ, नतीजा 5 और लोगों की मौत हो गयी।

विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने बताया कि यादव के समर्थकों ने दुबे के घर पर हमला कर दिया, जिसमें दुबे सहित पांच लोग मारे गए। देवरिया के जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह ने मीडिया को बताया, ‘‘हमें सुबह लगभग आठ बजे सूचना मिली कि फतेहपुर गांव के लेहड़ा टोले में एक वारदात हुई है। सूचना देने वाले ने बताया कि झड़प में एक पक्ष के एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और बाकी छह लोग पुलिस को बेसुध हालत में मिले थे। हमने उन्हें देवरिया मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने इनमें से पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया।’’

सदर भाजपा विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा घटना से बहुत दुखी हैं और मामले की जांच करायेंगे। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस वारदात की उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा, “देवरिया की घटना शासन की विफलता और कहीं न कहीं प्रशासन की लापरवाही या संलिप्तता की वजह से घटित हुई है। काश मुख्यमंत्री जी के दुख प्रकट करने से लोगों का जीवन वापस आ जाता।“

उन्होंने कहा, “एक उच्च स्तरीय जांच ही इस हत्याकांड की परतों के पीछे की परत उतार कर न्याय कर सकती है। ये जांच तत्काल हो। कांग्रेस ने भी अपने आधिकारिक ट्वीटर अकाउंट पर पोस्ट में कहा, ’’देवरिया के रुद्रपुर के जमीनी विवाद में छह लोगों की हत्या हुई है। प्रदेश की कानून-व्यवस्था इतनी बदहाल हो गयी है कि छोटे-मोटे विवाद में भी निर्भय होकर सरेआम छह लोगों की हत्या हो जाती है। न कोई कानून का भय, न ही सम्मान।“ पार्टी ने इसी पोस्ट में आरोप लगाया, “योगी सरकार ने इस प्रदेश को ऐसे अपराधिस्तान में तब्दील किया है कि घर में बैठी महिलाएं तो क्या बच्चे, जवान और बुजुर्ग भी सुरक्षित नहीं हैं।




ब्रेकिंग न्यूज
मीडिया दस्तक में आप का स्वागत है।