बंदरों का आतंक, घर के अंदर दुबकने को मजबूर हैं लोग
कानपुरः यूपी में बदमाशों के बाद अब बंदरों ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। मामला कानपुर का है। आलम यह है कि बंदरों के आक्रमण से परेशान मोहल्ले वाले पूरी रात लाठी डंडे लेकर पहरा देने को मजबूर हैं। जब परिवार का कोई मुखिया पहरेदारी करता है तब जाकर परिवार के दूसरे लोग चैन की नींद सोते हैं। जानकारी के मुताबिक कानपुर के गोविन्द नगर थाना क्षेत्र स्थित संजय नगर बस्ती में हजारों लोग रहते हैं। इस बस्ती में बीते एक माह से बंदरों का जबरदस्त आतंक कायम है। ये उत्पाती बंदर मासूम बच्चों को अपना निशाना बना रहे हैं। यही कारण है कि घर की महिलाएं अपने बच्चों को लेकर घर में ही कैद रहने को विवश हैं। अब तक दर्जनों लोगों को बंदर काट चुके हैं। सभी का इलाज चल रहा है। समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की ओर कोई एहतियाती कदम नहीं उठाया गया है।
बीती शाम भी बन्दर ने 3 मासूम बच्चों को अपना शिकार बना डाला। इनमें जय कारन के 2 बच्चे शिवान्य (एक वर्ष) और सन्नी (दो वर्ष) घर में बैठ खेल रहे थे, तभी बन्दर आया और शिवान्य के पैर में और सन्नी के हाथ में काट कर भाग गया। वहीं इनके पड़ोस में रहने वाले अशोक कुमार के बेटे सचिन (चार वर्ष) के हाथ के कई हिस्सों पर बंदर ने काट लिया। शिवान्य की मां गायत्री के मुताबिक हम बीते एक माह से बंदरों के आतंक से जूझ रहे हैं। इनकी वजह से घरों से बाहर निकालना मुश्किल हो गया है।