सपा को भारी पड़ सकता है ये दांव
आगरा: (विष्णु गुप्ता) समाजवादी पार्टी ने आगरा की खेरागढ़ विधानसभा सीट से 2012 में चुनाव हार चुके उम्मीदवार पर फिर से दांव लगाया है। सपा ने यहां से पक्षालिका सिंह को प्रत्याशी घोषित किया है। पक्षालिका सिंह इस सीट से विधानसभा 2012 का चुनाव हारी थीं। बसपा के भगवान सिंह कुशवाहा यहां से 69,533 वोट पाए थे। वहीं सपा की पक्षालिका सिंह को 62,427 वोट मिले थे। यहां से रालोद के उमेश सैंथिया 30,432 वोट पाकर तीसरे स्थान पर थे।
वैसे तो ये क्षेत्र ठाकुर बाहुल्य है लेकिन वोटों के धुव्रीकरण के चलते पिछले चुनाव में पक्षालिका सिंह को हार का सामना करना पड़ा था। बता दें पक्षालिका सिंह भदावर घराने से ताल्लुक रखती है। इस सीट पर भदौरिया की संख्या नगण्य है। एक भी गांव भदौरिया खानदान से ताल्लुक नहीं रखता है। सबसे खास बात ये है कि इस सीट पर टिकट के लिए सपा से कई दावेदार थे। लेकिन पक्षालिका सिंह को प्रत्याशी बनाया गया। ऐसे में इस बार सपा प्रत्याशी को जीत के लिए वोटों को कटने से तो बचाना होगा ही, इसके साथ ही सपा कार्यकर्ताओं को भी एकजुट करना होगा।