दिल्ली के साकेत कोर्ट में महिला पर ताबडतोड़ चली गेंलियां
नई दिल्ली। साकेत कोर्ट में एक वकील ने गवाही देने आई एक महिला पर चार राउंड फायरिंग की। महिला को दो गोलियां पेट में और एक हाथ में लगी। महिला को फौरन एम्सै में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद क्राइम ब्रांच टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
इस घटना का वीडियो भी वायरल हुआ है। इसमें कोर्ट परिसर के लॉयर्स ब्लॉक के बाहर दोनों के बीच कहासुनी होती है। अचानक महिला हमलावर की तरफ जाती है, तभी वह पीछे हटता है और महिला पर फायरिंग शुरू कर देता है। महिला को दो गोलियां पेट में लगती हैं। तभी कुछ वकील घायल महिला को सहारा देते हैं। इस बीच हमलावर वहां से चला गया। आरोपी की पहचान कामेश्वर प्रसाद सिंह उर्फ बिनोद सिंह के रूप में हुई है।
उसे बार काउंसिल ने एक अलग मामले में निलंबित कर दिया था। बताया जा रहा है कि हमलावर वकील ने पीड़ित महिला को 25 लाख रुपए दिए थे। बाद में महिला पैसा लौटाने में आनाकानी कर रही थी। उधर, महिला के पति ने मीडिया से बातचीत में बताया कि सुबह 10 बजे एक मामले की सुनवाई के लिए उसे कोर्ट में छोड़ दिया था। इसके तुरंत बाद उनके पास फोन आया कि उनकी पत्नी को गोली मार दी गई है। कामेश्वर नाम का एक व्यक्ति उससे पैसे ऐंठने की कोशिश कर रहा है।