बड़ी खबर! सिद्धार्थनगर में गोली लगने से महिला की मौत, पुलिस पर आरोप
सिद्धार्थ, नगर, उ.प्र.। जिले के सदर थाना क्षेत्र के कोडरा ग्रांट गांव के इस्लाम नगर में शनिवार की देर रात गोली लगने से एक महिला की मौत हो गई। स्वजनों का आरोप है कि पुलिस की गोली से महिला की मौत हुई है। पुलिस एक संदिग्ध को पकड़ने गांव गई थी। विरोध पर चली गोली उसकी मां को लग गई। आरोप है कि खून से लथपथ महिला को छोड़कर पुलिसकर्मी भाग खड़े हुए। अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया।
इस बारे में पुलिस अधिकारी बात करने से बचते नजर आए। सदर थाना क्षेत्र के कोडरा ग्रांट गांव के टोला इस्लामनगर में शनिवार रात पुलिस की टीम एक संदिग्ध को पकड़ने गई थी। पुलिस युवक को पकड़कर ले जा रही थी तभी उसकी मां रोशनी (50) पत्नी अकबर अली ने विरोध किया। इसी बीच बताया जा रहा है कि गोली चल गयी, जो रोशनी की पीठ में लग गई। वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर गई। महिला को गोली लगते ही मौके पर अफरातफरी मच गई। बताया जा रहा है कि घटना के बाद पुलिसकर्मी भी मौके से भाग खड़े हुए।
परिवार के लोग जख्मी महिला को जिला अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक महिला के बेटे अतीकुर्रहमान ने बताया कि पुलिस उसके भाई अब्दुल रहमान को पकड़कर ले जा रही थी तो उसकी मां बचाने के लिए दौड़ी। इसी बीच पुलिस ने गोली चला दी और उसकी मां की मौत हो गई। पुलिस उसके भाई को लेकर चली गयी, जबकि उसके खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं है। इस बारे में एसपी डॉ. यशवीर सिंह और सीओ सदर प्रदीप यादव से कई बार फोन कर पक्ष जानने का प्रयास किया गया लेकिन अधिकारियों ने फोन काट दिया। एसओ सदर का फोन स्विच ऑफ मिला, जबकि एडिशनल एसपी को फोन करने पर उन्होंने कहा कि वह ड्यूटी पर कुशीनगर गए हैं।
घंटा भर बाद अस्पताल पहुंची पुलिस
सदर थाना क्षेत्र के कोडरा ग्रांट गांव के इस्लामनगर टोला में पुलिस की गोली से महिला की मौत के बाद परिजन महिला को लेकर अस्पताल आए। परिजनों के अस्पताल पहुंचने के घंटे भर बाद पुलिस अस्पताल पहुंची। इस इस दौरान अस्पताल में अफरा तफरी का माहौल रहा मौके पर पहुंचे परिवारी जनों के क्रंदन से आस-पास मौजूद लोगों की आंखें नम हो गई। परिजन भाई को बुलाने की गुहार लगा रहे थे पर कोई भी जिम्मेदार उनकी बातों को सुनने वाला नहीं था परिजन शव के पास विलाप करते रहे।