संदिग्ध अवस्था में मिली विवाहिता की लाश, हत्या की आशंका
बनारसः (महेन्द्र तिवारी) चेतगंज थाना इलाके के सेनपुर मोहल्ले में एक विवाहिता की लाश संदिग्ध अवस्था में उसके घर में पायी गयी। उसके गले पर रस्सी के निशान हैं। प्रथमदृष्टया मामला दहेज हत्या का प्रतीत होता है। आरोप ससुरालियों पर लगा है। लाश को पोस्टमार्टम के लिये भेजकर विवाहिता के मायके वालों की तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार इसी थाना इलाके के जियापुर मोहल्ला निवासी तारकेश्वर प्रसाद गुप्ता ने अपनी बेटी प्रिया की शादी 31 जनवरी 2013 को सेनपुर में अशोक गुप्ता के बेटे मोहित गुप्ता से हुई थी।
प्रिया के मायके वालों की माने तो उसकी ससुराल के लोग दहेज की मांग करते थे। शादी में चार लाख रूपये नगद व गहने दिये गये थे, बावजूद इसके उनकी बेटी को चार पहिया गाड़ी के लिये परेशान करते थे। इसको लेकर कई बार ्रिपया को शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना दी गयी। तारकेश्वर के अनुसार वह बेटी की विदाई के लिये उसकी ससुराल गये थे लेकिन उन्हे यह कहकर भगा दिया गया था कि जब तक चार पहिया गाड़ी नही देंगे तब तक विदाई नही होगी। प्रिया की तीन साल की बेटी भी है जिसका रोरोकर बुरा हाल है।
घटना 30 अप्रैल की है। मोहल्ले के लोगों ने मोबाइल पर इसकी जानकारी दी। पूरे मामले में पुलिस कार्यवाही से बंचती नजर आ रही है। दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज होने के बावजूद दोषियों को बंचाया जा रहा है। परिजनों ने कहा है कि पुलिस ने मामले में अभियुक्तों को बचाया तो उसे बर्दाश्त नही करेंगे और पूरे मामले को मुख्यमंत्री के सज्ञान में लायेंगे। घटना को लेकर आक्रोश है।