हैवानियतः शादी से इनकार करने पर युवक ने नाबालिग को बंधक बनाकर किया रेप, राड से 100 बार चेहरे पर दागा
U.P. DESK. चुनावी जनसभाओं में मुख्यमंत्रीऔर देश के गृहमंत्री पूर्व की भांति महिलाओं की इज्ज़त महफूज़ रखने की गारण्टी बांट रहे हैं। कहते हैं यूपी में योगी आदित्यनाथ की सरकार है कोई गलत नीयत से लड़कियों को देख भी नही सकता उनके साथ छेड़छाड़ और रेप जैसी वारदात तो बहुत दूर की बात है। ये बातें भाषणों में अच्छी लगती हैं। लेकिन जमीनी हकीकत शर्मसार करने वाली है। ताजा मामला लखीमपुर खीरी के धौरहारा क्षेत्र के एक गांव का है।
यहां नाबालिग लड़की को बंधक बनाकर एक युवक ने उसका रेप किया। लोहे की गर्म रॉड से लड़की के चेहरे पर 100 बार दागा और अपना नाम लिख दिया। बताया जा रहा है लड़की के शादी से इनकार करने के बाद युवक ने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रेप और मारपीट का केस दर्ज किया है। आरोपी अभी फरार है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी अमन (18) की गांव की एक 14 साल की लड़की से दोस्ती थी।
दोनों करीब 3 साल से एक दूसरे को जानते थे। अमन उसी कस्बे में सैलून चलाता है। लड़की के माता-पिता मजदूरी के लिए कस्बे में जाते हैं। लड़की घर पर ही रहती है। अमन पिछले कई दिनों से लड़की पर शादी का दबाव बना रहा था। लड़की हर बार टाल रही थी। जब लड़की ने अमन से मिलना पूरी तरह बंद कर दिया तो उसने ये कदम उठाया। लड़की ने पुलिस को शिकायत दी। उसने कहा- 19 अप्रैल को अपने घर से सामान लेने के लिए मोहल्ले की दुकान पर गई थी। तभी अमन वहां आया और रास्ते से मुंह दबाकर मुझे अपने घर घसीट ले गया।
मैंने शादी से मना कर दिया। गुस्से में उसने पीटना शुरू कर दिया। मेरे हाथ पैर बांधकर गलत काम किया और किसी से बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। शोर मचाने पर उसने मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। उसने पहले पेन से मेरे गाल पर पूरा नाम लिखा। फिर उसी लिखे पर लोहे की रॉड से 100 बार दागा। वह कह रहा था कि तुम कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं रहोगी। 3 दिन तक वह मुझे अपने घर में बंधक बनाए रहा। छूटकर बाहर आई तो मां-बाप के साथ थाने पहुंची। पहले दिन पुलिस ने भी मेरी सुनवाई नहीं की। मामले को लेकर क्षेत्राधिकार धौरहरा पीपी सिंह ने बताया, गिरफ्तारी के लिए 3 टीम गठित की गई है। आरोपी जल्द गिरफ्तार हो जाएगा।