सीवर की सफाई कर रहे सफाईकर्मी की जहरीली गैस से मौत
कानपुरः कानपुर में एक सीवर की सफाई करते समय जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन लोग बेहोश हो गए। बाद में एक की मौत गई। घटना उस वक़्त की है जब तीन मजदूर बर्रा विश्वबैंक में सीवर चेंबरों की सफाई कर रहे थे। तभी उनका दम घुटने लगा और वो बेहोश होने लगे। एक मजदूर ने बेहोश होने से पहले शोर मचाया तब कुछ लोगों ने उन्हें निकाल कर अस्पताल पहुँचाया। जहां डॉक्टरों ने एक मजदूर को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, बर्रा विश्वबैंक में सीवर लाइनें मकानों के पीछे की ओर हैं। यहां सरकारी सफाई कर्मी काम नहीं करते बल्कि निजी कर्मचारियों का गैंग ही हर महीने यहां की सफाई का काम करता है और सभी घरों से निर्धारित 50-60 रुपये लेते हैं। शनिवार को भी प्राइवेट सफाई कर्मी दादानगर निवासी बाबूलाल, प्रकाश और रविदासपुरम् निवासी गुड्डू उर्फ कालिका सफाई करने आए थे। गैस निकालने के लिए बारी-बारी चेंबर खोले गए। सबसे पहले इसमें मजदूर कलिका उतरा, जब काफी देर तक उसकी हलचल नहीं मिली तब प्रकाश नीचे उतरा। दोनों जहरीली गैस की वजह से बेहोश हो गए। और 10 फुट गहरे चेंबर में डूब गए। जब दोनों की खबर नहीं मिली तब बाबूलाल भी नीचे उतरा था। वो जहरीली गैस की चपेट में आगया लेकिन बेहोश होने से पहले उसने शोर मचा दिया औए बेहोश हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े, तभी यहां के पार्षद पुत्र ने पुलिस को फोन कर दिया। सभी ने मिलकर उन्हें निकाला और अस्पताल पहुँचाया। जहां डॉक्टरों ने मजदूर प्रकाश को मृत घोषित कर दिया। जबकि दो की हालात गंभीर बनी हुई है।