किसान हितैषी अधिनियमों का विरोध करवा रही है कांग्रेस-मेघवाल
गोलूवाला, राजस्थान (बलविन्द्र खरोलिया) भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल ने यंहा कार्यकर्ताओं व आम लोगों से मिलकर राज्य की कांग्रेस सरकार के कुशासन पर विस्तार से चर्चा की। इन्होंने कहा राज्य की कांग्रेस सरकार द्वारा हाल ही में मंडी शुल्क में की गई बढ़ोतरी से मंडी व्यापारी व किसान परेशान हैं। मंडी शुल्क में बढ़ोतरी के बजाय इसे समाप्त करना चाहिए था। राज्य की कांग्रेस सरकार व्यापारियों को परेशान कर किसान हितैषी अधिनियमों के विरुद्ध भड़का रही है। कांग्रेस द्वारा किया जा रहा विरोध तथ्यहीन व निराधार है। किसानों व व्यापारियों को किसी के भी बहकावे में नहीं आना चाहिए। इन्होंने कहा कि राज्य सरकार को किसान व व्यापारियों के हित मे मंडी शुल्क तुरन्त माफ करना चाहिये। राजस्थान सरकार स्वयं की गलती को ना सुधारते हुए केंद्र सरकार द्वारा संसद में पारित किसानों के हितैषी अधिनियमों का विरोध करवा रही है। इन अधिनियमों में कहीं पर भी किसान अथवा व्यापारियों के विरोध में एक भी शब्द नहीं है। कुछ लोग व राजनीतिक दल केवल विरोध के लिए विरोध कर स्वयं को किसान विरोधी होने का परिचय दे रहे हैं।
अधिनियम के अनुसार मंडी व्यवस्था यथावत बनी रहेगी व समर्थन मूल्य पर खरीद जारी रहेगी। यह अधिनियम किसान भाइयों को उनके व्यापक अधिकारों को प्रदान कर किसानों को बाज़ार में अपनी फसल बेचने के बेहतर विकल्प उपलब्ध कराता है, जिससे किसान अपनी फसल का मूल्य स्वयं तय करने की दिशा में काम कर सकेंगे व किसानों को अपनी फसलों का मूल्य जहां अच्छा मिल रहा है वहां पर फसल बेच सकेंगे। इन अधिनियमों का लक्ष्य है कि किसान आने वाले समय में समृद्ध बनें, सम्पन्न बनें व राष्ट्र की अर्थव्यवस्था को मजबूत करें।