बारातियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत करने वाली किशोरी संग दुष्कर्म के आरोपी गिरफ्तार
यूपी डेस्कः बारातियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत करने के लिये बुलाई गई 17 वर्षीय किशोरी संग सामूहिक दुष्कर्म किये जाने के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। उसके साथी को पुलिस ने वारदात के बाद ही गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश किया था। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था।
हाथरस जंक्शन क्षेत्र में एक शादी समारोह में अतिथियों पर फूल बरसाने के लिए अलीगढ़ के देहली गेट थाना क्षेत्र से 17 वर्षीय किशोरी को बुलाया गया था। गेस्ट हाउस से किशोरी लौट रही थी तो इसी शादी समारोह में तंदूर पर काम करने आए दो युवक उसे बहला फुसलाकर बाइक पर बैठा कर ले गए थे और खेत में ले जाकर गैंगरेप किया था। किशोरी ने अपने परिवार के लोगों को यह जानकारी दी थी। इस मामले में पुलिस ने गैंगरेप का मुकदमा दर्ज किया था। हाथरस जंक्शन कोतवाली पुलिस ने दूसरे आरोपी पुष्पेंद्र निवासी नगला कुंवर जी थाना हाथरस गेट को आज शाम गिरफ्तार कर लिया है। जिस बाइक पर यह दोनों किशोरी को अगवा कर ले गए थे। उसे भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।